Stories

Showing posts with label उल्टे तीर. Show all posts
Showing posts with label उल्टे तीर. Show all posts

सोम दा का श्राप और कलयुगी नेता

पिछले दिनों अपने सोम दा ने संसद कई सांसदों के आचरण से दुखी होकर उन्हे अगले चुनाव में नहीं जीतने का शाप दे डाला। सोम दा का गुस्सा कितना भी जायज़ क्यों ना हो और उनका श्राप भी कितना ही ज़रूरी क्यों ना हो ,उसका असर होगा इसमें संदेह है।
ऐसा इसलिए नही की सोम दा की व्यथा से जनता का सरोकार नही है बल्कि जनता तो सीधे तौर से नेताओं के स्वार्थी आचरण से गहराई से प्रभावित हो रही है पर अभी उसे अपनी ताक़त का एहसास कराने वाला कोई ईमानदार नेतृत्व नही मिल रहा है।
हालांकि पिछले विधानसभा चुनाव में जनता ने अपनी ताक़त का कुछ आभास कराया है पर इसमें अभी परिपक्वता आनी बाकी है. ज़ो सबसे बड़ी बात इसमें दिखाई देती है वह यह है की राजनीति में दान की ताक़त इतनी ख़तरनाक स्तर पर पहुच गयी है की वहां सभी छोटे छोटे प्रयासों को कुचल रही है।
यह खुशकिस्मती कहिए की ऐसा होने पर भी लगभग रोज ही ग़लत के खिलाफ सघर्ष हो रहे है.आज जरूरत उन्हे मजबूती देने की है.अगर ऐसा हो सके तो सोम दा का श्राप तो कामयाब हो गा ही , जनता के धन का भी सद्पयोग होगा। देश में आज भी कोई कमी नही है और अगर है तो हम सब उसे सश्न भी करेंगे पर अब राजनीति को जिम्मेदार बनाने के लिए यहाँ सबको आगे आना ही होगा। सोम दा आपके दिल से निकली जनता की व्यथा के शब्द बेकार नही जाएंगें सोम दा के राजनैतिक जीवन की तपस्या को सलाम और सैकड़ों सोम दा राजनीति में आएंगें ऐसी शुभेच्छा है।

डॉ० जीएल पुणतांबेकर, डॉ० हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय,सागर,मप्र

विस्तार से पढ़ें..........

चुनाव मे नीलाम हुआ मीडिया

विधानसभा चुनाव के दौरान मीडिया का प्रदर्शन बेहद शर्मनाक रहा। चुनाव में मीडिया की भूमिका को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। चुनाव मे चले पैकेज सिस्टम ने जहां संवेदनशील पत्रकारों को झकझकोर कर रख दिया, वहीं पाठकों को घोर निराश किया। इस नए सिस्टम पर समाज मे व्यापक बहस की जरूरत है।
विधानसभा चुनाव मे सभी प्रादेशिक समाचार पत्रों और चैनलों ने प्रत्याशियों से चुनावी खबरें छापने व दिखाने के लिए मोटी रकम वसूली। इसे चुनावी पैकेज का नाम दिया गया। प्रमुख राजनैतिक दलों के उम्मीदवारों ने बड़ी-बड़ी राशि अखबारों और न्यूज चैनलों को दी। इसके ऐवज मे उन प्रत्याशियों के समर्थन मे समाचार दिए गए। उनके प्रचार, जनसंपर्क और बयान नियमित छापे गए। दूसरी ओर इनके प्रतिद्वंदी उम्मीदवारों को प्रचार में पीछे और काफी कमजोर बताया गया। वास्तविकता भले ही इसके विपरीत रही हो।
इससे हुआ यह कि क्षेत्र के पाठकों का अखबारों से भरोसा उठ गया। अखबारों के कार्यालय मे दिन भर फोन आते रहे कि हकीकत से परे खबरें क्यों छप रहीं हैं। लोगों ने चुनावी समाचार पढ़ना ही बंद कर दिया। कुछ ही दिनों मे पाठक समझ चुके थे कि यह पत्रकारिता नहीं कुछ और ही चल रहा है। इन दिनों मीडिया ने विश्वसनीयता खो दी थी। पत्रकारों की तकलीफ यह थी कि उन्हें पैकेज दे चुके अयोग्य प्रत्याशियों की तारीफ मे कसीदे पढ़ने पड़ रहे थे। वहीं दूसरी ओर सामने वाला प्रत्याशी कितना ही भला क्यों न हो उसकी खिलाफत करना उनकी ड्यूटी बन गई थी।
मीडिया की इस व्यवस्था के बाद यह संभव नहीं रहा कि कोई ईमानदार योग्य लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति मीडिया के सहारे चुनाव लड़ सके। पैकेज सिस्टम मे मीडिया सिर्फ पूंजीपतियों का ही गुणगान करती है।
हालांकि यह बात किसी से छुपी नहीं है कि लोकतंत्र के इस चौथे स्तंभ का दायित्व व धर्म है कि निर्वाचान के दौरान मतदाताओं का उचित मार्गदर्शन करे। अगर मीडिया मार्गदर्शन न भी कर सके तो कम से कम हालातों की वास्तविक्ता से तो जनता को अवगत कराए। लेकिन अब तो मीडिया ने अपने ही पाठकों और दर्शकों को गुमराह करना शुरू कर दिया है। यह बेहद चिंतनीय विषय है। माना कि व्यवसायिकता जरूरी है लेकिन व्यावसायिकता की आड़ में अपने कर्तव्य व धर्म को ताक पर नहीं रखा जा सकता। यह मीडिया के पतन की पराकाष्ठा है।
पैकेज सिस्टम की होड़ मे कोई भी अखबार पीछे नहीं रहा। सभी ने चुनाव की बहती गंगा मे सिर्फ हाथ ही नहीं धोए बल्कि खूब डुबकी लगाई। मीडिया की स्वंतत्रता जैसी कोई चीज नहीं बची थी। दुखद बात यह थी कि इस स्वतंत्रता पर किसी बाहरी तत्व ने हमला नहीं किया। मीडिया ने खुद को सरे आम बाजार मे नीलाम किया और नीलामी के इस तमाशे को मूक दर्शक की भांति सभी ने देखा।
चुनाव आयोग का हमेशा से प्रयास रहा है कि चुनावी फिजूलखर्ची को कम किया जाए। चुनाव को सस्ता बनाने के यथासंभव उपाय भी किए जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने राजनैतिक दलों पर आचार संहिता का भरपूर शिकंजा कसा है। ऐसे मे मीडिया ने इसमें सहायता करने की बजाए आयोग की आखों मे धूल झोंक कर बेहिसाब रूपए हथियाने का रास्ता निकाला गया। उन रूपयों की प्रत्याशी को रसीद भी नहीं दी गई। इससे यह राशि प्रत्याशी के चुनावी खर्च मे नहीं जोड़ी जा सकी। आचार संहिता के तहत यह अपराध की श्रेणी मे आता है।
कई पैकेज में यह रकम इतनी बड़ी थी कि वह प्रत्याशी के कुल खर्च की 10 से 25 फीसदी थी। इस तरह बड़ी राशि चुनाव आयोग की नजर से बचाकर खर्च की गई। इस गैर कानूनी कृत्य मे मीडिया बरारब की साझेदार रही। यह शायद पहली बार हुआ हो कि अपने फायदे के लिए मीडिया ने अपराधों मे शामिल होना स्वीकार किया हो। चुनाव आयोग को अब इस पैकेज सिस्टम पर नजर रखने के लिए नई व्यवस्था करना पड़ेगी।
अखबरों मे प्रकाशित प्रत्याशियों के विज्ञापनों को चुनावी खर्च मे शामिल किया जाता है। लेकिन समाचारों का कोई लेखा-जोखा नहीं होता, जबकि अखबारों मे इन समाचारों के ही लाखों रूपए वसूले गए। भविष्य मे शायद चुनावी खबरों को भी विज्ञापन की श्रेणी मे गिना जाए। कल्पना करें कि यदि न्यायपालिका का इसी तरह व्यवसायिकरण हो जाए तो न्याय व्यवस्था का क्या होगा। चुनाव के दिनों मे कुछ ऐसा ही अहसास पत्रकारों और पाठकों को हो रहा था। समाचार पत्रों के उद्योगपति मालिकों से निवेदन है कि ज्यादा धनोपार्जन के लिए पत्रकारिता की आत्मा को नष्ट न करें। पत्रकारिता की अस्मिता और विश्वसनीयता को जिंदा रखते हुए व्यापार करें।

संतोष गौतम, वरिष्ठ पत्रकार, सागर, मप्रविस्तार से पढ़ें..........

स्वर्ग में सूचना का अधिकार....

महाभारत के संजय की तरह अपुन को भी एक दिन स्वर्ग में चल रही मीटिंग साफ दिखाई दे रही थी। मुझे जो दिख रहा था उसके मुताबिक स्वर्ग में एक 'सर्वदेव सभा' की तैयारियाँ हो रही थीं। देवताओं की सीटों के सामने बकायदा उनकी नाम की पट्टियां और माईक लगे थे। स्टेज पर केवल ब्रह्मा, विष्णु और महेश की तीन कुर्सियाँ होना धरती पर होने वाली सभाओं के लिहाज से अजीब था। इतना ही नहीं बिना किसी हो-हल्ले के सृष्टि के रचयिता, पालनहार और संहारक जैसी हस्तियों को आम गेट से प्रवेश करते देखना और फूल-मालाओं से स्वागत के बिना डायरेक्ट सभा की कार्यवाही चालू होना भी थोड़ा हटकर था। सभा एक सेक्रेट्ररी टाईप के देवगण के द्वारा ब्रह्माजी को माईक सौंपने से आरंभ हुई ।
ब्रह्माजी बोले 'देवताओ आज जिस विचित्र विषय को लेकर आप सब को यहाँ बुलाया गया है वह मुझे बड़ा महत्वपूर्ण लगा। चूँकि नीचे कलयुग चल रहा है शायद इसीलिये इस युग में भक्तों का वरदान माँगने का स्टाईल भी बदल गया है। मेरे सेक्रेटरी की यह सलाह तो जायज लगती थी कि स्वर्ग में सूचना का अधिकार लागू होने या सृष्टि के महत्व की गोपनीय जानकारी न देने के बहाने भक्त को टरका दिया जाता परन्तु एक तो भोले शंकर का कमिटमेंट था तो दूसरी तरफ भक्त द्वारा पूछे गये प्रश्नों ने मुझे उत्तर खोजने को मजबूर किया। इसलिये आप सबको इस सभा में बुलाया गया है।' भक्त द्वारा जो तीन प्रश्न पूछे गये है उनमें पहला है: 'भगवान को धरती पर बार-बार अवतार लेने की जरूरत क्यों पड़ती है? एक बार रामावतार में तो दूसरी बार कृष्णावतार में सभी राक्षसों और दुष्टों का नाश करने के बाद बार-बार इनकी संख्या क्यों बढ़ जाती है? क्या आपका 'प्रोडेक्ट मिक्स' ही गड़बड़ है? सृष्टि बनाते समय आपका 'ओरिजनल प्रोडक्ट मिक्स' (सज्जनों तथा दुष्टों का अनुपात) क्या रखा था?' दूसरा प्रश्न है कलयुग के उद्धार के लिये 'कल्कि अवतार' कब होने वाला है? तीसरा प्रश्न में भक्त ने पूछा है कि 'क्या इस बार भी भगवान विष्णु ही अवतार लेंगे या यह टास्क किसी दूसरे को मिलेगी?'
प्रश्नों को सुनकर सभी देवताओं के चेहरे पर यह साफ दिख रहा था कि कलयुग और उसे भक्तों को लाईटली नहीं लिया जा सकता। भक्त के प्रश्नों से डारेक्टली जुड़े विष्णु भगवान बड़े व्यथित स्वर में बोले 'ब्रह्माजी, जहाँ तक मेरे से सम्बन्धित प्रश्न है तो मैं यह पहले साफ ही कर देता हूँ कि इस बार मुझे धरती पर न भेजे'। रामावतार में मैं 14 बरस वन में भटकता रहा जब सीता को रावण उठाकर ले गया तब मैं ही जानता हूँ कि उसे छुटाने के लिये क्या-क्या नहीं करना पड़ा। हमें कोई धरती के लोगों जैसी दूसरी लमी तो मिलने वाली नहीं है। मर्यादा पुरूषोत्तम के तमगे से बड़ा लफड़ा हुआ था। हालाँकि कृष्णवतार में हमने अपनी स्ट्रेटजी बदली थी पर इसमें भी हम पर बड़े आरोप लगे, गोपियों को छेड़ते हैं, माखन चुराते है आदि आदि। रूक्मणी वाले मामले को भी हमने कैसे टेकिल किया, ये हम ही जानते है। सो भईया, इस बार हमें बक्शों, यही हमारा कहना है।'
ब्रह्माजी बोले 'भक्त ने जो ओरिजनल प्रोडेक्ट मिक्स की बात उठाई है, उस पर मैंने जो होमवर्क किया उसी से यह लगा कि भक्त की बात में दम है। मैंने इसके लिये जब उस फाईल को बुलाया जिसमें मैंने सृष्टि के बनाने के आर्डर पास किये थे तो उसका ओरिजनल प्रोडेक्ट मिक्स देखकर मैं दंग रह गया। मैंने धरती पर 90% सज्जन प्राणी और 10% दुष्ट प्राणियों का प्रोडक्ट मिक्स यह सोचकर बनाया था कि दुनिया में अच्छे-बुरे का विवेक भी रहेगा और स्वर्ग का क्रेज भी बना रहेगा। भक्त ने यह ठीक ही पूछा है कि इस मिक्स के जींस में क्या गड़बड़ है कि स्वर्ग की तरफ से हुये दो बड़े आपरेशन 'रामावतार' और 'कृष्णावतार' के बाद अब फिर झंझट खड़ा दिख रहा है। इस फाईल को देखकर ही मैंने आप सभी को यहाँ बुलाया है।'
बैठक में इस बात का सर्वे करने का प्रोजेक्ट पर नारदजी को दिया गया और उन्हें 15 दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने की ताकीद दी गई । किसी हिन्दी फिल्म के समान ही मेरी ऑंखों के समाने मोटे अक्षरों से 'पन्द्रह दिन बाद' लिखी हुई स्क्रीन आई जिसके हटते ही फिर उसी मीटिंग का दृश्य उपस्थित हो गया। सभी देवता अपने नियत स्थान पर उसी प्रकार से थे और नारदजी माईक पर।
नारद जी बोले आदरणीय देवताओं, 'मैंने पूरे पंद्रह दिन धरती की स्थिति का जायजा लिया और जो स्टेटिस्टिक्स मैंने प्रायमरी डाटा के माध्यम से तैयार की है उसके अनुसार ब्रह्मजी द्वारा सृष्टि बनाते समय जो 90% अच्छे और 10% दुष्ट आत्माओं का ओरिजनल प्रोडक्ट मिक्स डाला था वह आज भी वैसा का वैसा ही है।'
तालियों की भारी गड़गड़ाहट के बीच भगवान विष्णु जी की ठंडी सांस लेते हुये आवाज सुनाई दी 'चलो अब अवतार लेने की झंझट से मुक्ति हुई'। नारदजी के कानों तक बात पहुँचते ही वे बोले 'माफ कीजिये भगवन 'रिपोर्ट को पूरा सुने और समझे बिना कमेंट करने का धरती जैसा प्रयास नहीं होना चाहिये। मैंने जो कलेक्टेड ऑकड़ो पर क्लासीफिकेशन किया है उसके मुताबिक 26% लोग अंधे है, 17% लोग बहरे है, 35% लोग गूँगे है और 12% लोग अंधे, गूँगे और बहरे तीनों हैं। ये लोग प्राय: नेता और अधिकारी है।' इतना सुनते ही देवगण के एक साथ चिल्लाने लगे 'रिपोर्ट इरिलेवेंट है। नारदजी, आपको अंधे, गूँगे, बहरे नहीं, सज्जनों और दुष्टों की गिनती के लिये भेजा था।'
'नारायण-नारायण' के उदघोष के अपने स्पेशल अंदाज में मुस्कराते हुये नारदजी बोले 'मैंने पहले ही निवेदन किया है कि धरती की स्टाईल में रिपोर्ट को छिछालेदार न करें और अपने देवगणों के स्टेटस को मेंटेन करें। रिपोर्ट के क्लासिफिकेशन का संदर्भ सुने बिना कमेन्ट करने से बचने के लिये धरती पर जाकर जरा 'स्टेटिस्टिक्स' पढ़ आईये। संदर्भ यह है कि जो अंधे है उनसे मेरा आशय है जिन्हें गलत दिखाई नहीं देता, बहरे यानिं 'जो गलत के खिलाफ कुछ सुनना नहीं चाहते' और गूँगे अर्थात जो गलत के खिलाफ बोलने को तैयार नहीं है। ये तीनों दुर्गुण नेताओं और अधिकारियों में एक साथ पाये जाते हैं। अब जो ओरिजन तथा प्योर दुष्ट है वे आज भी 10% के आस-पास ही है परन्तु उनके खिलाफ मोर्चा खोलना आसान नहीं है।
"अब मैं रिपोर्ट के इन्टरप्रिटेशन पार्ट पर आता हूँ' यह कहकर नारदजी ने अपना रूख भगवान विष्णु की तरफ किया और अपने विशिष्ट अंदाज में 'नारायण-नारायण' कहते हुये बोले भगवन अवतार तो आपको लेना ही पड़ेगा क्योंकि सिचुऐशन रावण और कंस के टाईम से भी ज्यादा कॉम्पलीकेटेड है। सर, उस टाईम दुष्टों की दुष्टता को घर और बाहर इतना सर्पोट नहीं था। मेरी तो हम्बल रिक्वेस्ट है कि आपको इस बार कृष्ण से भी ज्यादा चतुर रूप धरना पड़ेगा। जरूरत पड़े तो
मुझे असिस्टेंट बना लीजिये। कलयुग में दुष्टों से निपटने की स्ट्रेटजी भी बड़ी सोच समझ के बनाना, सर, नहीं तो अवतार का प्रयोग फेल होने का बड़ा खतरा है। इतना कहकर नारदजी ने 'नारायण-नारायण' उदघोष के साथ अपना आसन ग्रहण किया। नारदजी को अपनी रिपोर्ट और उसके इन्टरप्रिटेशन पर इतना भरोसा था कि उन्हें लग रहा था कि भगवान विष्णु इससे बड़ी चिंता में डूब जायेंगे। उनकी हालत 9/11 की घटना के बाद बुश जैसी हो जायेगी। परन्तु आश्चर्य? भगवान विष्णु मंद-मंद मुस्करा रहे थे। ऐसी ही शांत मुस्कराहट के साथ उन्होंने दरवाजे पर खड़े हुये यमराज को न जाने क्या इशारा किया कि यमराज बड़ी तेजी से वहाँ से चले गये। इसी के साथ सुबह छ: बजे मेरे मोबाईल की तेज घंटी से मेरी नींद खोल दी। दूसरी तरफ आवाज आ रही थी 'यार तूने सुना, वो अपना रामू है ना अचानक मर गया। अभी 50 साल का ही तो था। मेरी आवाज बंद थी। दूसरी तरफ से फिर आवाज आई, अबे तू सुन रहा है न। मेरे हाँ कहने पर वह बोलता गया 'यार अति भी कर रहा था । सभी समझा भी रहे थे कि भगवान से डर, पैसा सब धरा रह जायेगा, पदों को क्या चाटेगा। भगवान की लाठी में आवाज नहीं होती।' ऐसा वह न जाने क्या-क्या बके जा रहा था और मैं स्तब्ध था। स्वप्न की मीटिंग का आखरी दृश्य बार-बार मेरे सामने आ रहा था। '
डॉ. जी. एल. पुणताम्बेकर
रीडर, वाणिज्य विभाग, डा. हरीसिंह गौर वि.वि. सागर (म.प्र.)
विस्तार से पढ़ें..........

कुत्ते टाईप की वफादारी की बढ़ती मांग ..

आजकल कुत्ते टाईप की वफादारी और दुम हिलाने की प्रवृत्ति की बढ़ी मांग हो रही है। यह मांग राजनीति में भी है और प्रशासनिक हल्के में भी। जब से मतदाताआें ने यह कुत्ते टाईप की वफादारी छोड़ी है, तभी से तो साझा सरकारें बन रही है।
आज दिल्ली में मचा घमासान मतदाताओं की ऐसी वफादारी को छोड़ने के कारण ही तो है। आप पूछ सकते है कि मैने वफादारी और दुम हिलाने की प्रवृत्ति के आगे यह कुत्ते टाईप का विशेषण क्यों लगाया ? तो भाईया, आदमी भी वफादार होते है, वे भी दुम हिलाते नजर आते है पर आदमी की वफादारी कुत्ते से अलग होती है। कुत्ते की वफादारी देश, काल तथा परिस्थितियों से नहीं बदलती। आदमी ऐसा नहीं करता। विश्वास न हो तो पता लगा सकते है कि उमा भारती, शिबू सोरेन तथा मोनिका बेदी का अगर कोई कुत्ता होगा तो वो पहले भी वफादार रहा होगा, और आज भी वफादार होगा।
आदमी की वफादारी तो तीन तरह की होती है। पहली वह सामने वाले के पावर के हिसाब से बढ़ती है। दुम हिलाने वालों की संख्या भी पावर के हिसाब से ही घटती-बढ़ती रहती हैं। दूसरी टाईप की वफादारी अपने स्वार्थ के हिसाब से ऐडजेस्ट होती रहती है और तीसरी तरह के वफादार मुद्दो पर आधारित वफादारी करते है। आपको सलाह दी जाती है कि यदि पहले दो टाईप के वफादार मिले तो उनसे सावधान रहना चाहिए और यदि तीसरे टाईप के वफादार मिले और वे आपका साथ छोड़े तो चौकन्नें हो जाईयें।
अपनी रणनीति पर पुन: विचार करना चाहिए। ऐसे वफादारों से नाराज नहीं होना चाहिए बल्कि उनका सम्मान करना चाहिए। कुत्ते टाईप की वफादारी आदमी को सूट नहीं करती। राजनीति और प्रशासन यदि वफादारों की ऐसी फौज बढ़ाना चाहता है तो इसमें उसका बडा स्वार्थ है। उसका सारा खेल बेखटके चलता रहे इसीलिए वफादारी को कुत्ते टाईप का करने के लिए पूरी जुगत भिड़ाई जाती है।
अभी तो ऐसा नहीं हो रहा है कि घरों के सामने लिखा रहें ''वफादारों से सावधान''। कुत्तों के लिए ऐसा लिखा जाता है। जिन घरों में कुत्ता प्रजाति के वफादार होते है उनके दरवाजे के बाहर लगे सूचना पट्ट से यह आभास मिल जाता है कि अंदर किस नस्ल और कीमत का वफादार बंधा है। ऐसे घरों की मेमों की चर्चा में वफादार के किस्से अहम होते है। आप उनके घर जाइए तो वफादारों के गुणों का बखान सुने बिना आप अपना काम नहीं करा सकतें।
ऐसी ही तो दो मेम कुत्ता प्रजाति के वफादारों के गुणगान करते हुए जा रही थी। एक फटेहाल दीनू उनकी चर्चाएं सुन रहा था। उसे अपने नंगे बदन और भूखे पेट बच्चें की चिंता हो रही थी। वह अपनी वफादारी को कुत्ते टाईप का करने को तैयार था। वह दुम हिलाने की आत्मग्लानि को सहन करने को भी तैयार था। इससे भी अधिक वह जर्मन शेफर्ड और बुलडॉग से कम कीमत पर बिकने को भी तैयार था। पर आदमी था न इसलिये अपेक्षा कर रहा था और वह भी कैसी ? मेम सहाब, मुझे आदमी जैसा नही, कुत्ते जैसा रखनाक़ुत्ते जैसा रखना क़ुत्ते जैसा रखना।
विस्तार से पढ़ें..........

चाबुक के इशारों पर नाचतीं 543 खोपड़ियाँ


हमारे दिल्ली दरबार के खिलाड़ी आजकल 543 खोपड़ियों में से 271 को एक तरफ करने के सवाल को सुलझाने में उलझें है। ये खोपड़ियाँ अपनी बुद्धि से नहीं बल्कि पार्टी या लक्ष्मी जी द्वारा जारी व्हिप से 22 तारीख को निर्णय ले, ऐसी कवायद हो रही है। ''व्हिप'' शब्द के लिए हिन्दी शब्द ढूढने लगा तो मिला ''हण्टर'', ''चाबुक''। अब सांसदो पर चलने वाला चाबुक चाहे पार्टी अनुशासन के नाम पर हो चाहे वाम दलों के अनुसार 25 करोड़ रूपये की कीमत पर हो, दोनो ही हालातों में खोपड़ियाँ तो खाली ही कहलाएगी न। सोमनाथ चटर्जी की खोपड़ी न बिकाऊ थी और न ही पार्टी के लंबरदारों के पास गिरवी, सो वे डटे रहे। मजे की बात यह है कि पक्ष या विपक्ष में वोट डालने वाले सांसदो के एक बड़े वर्ग को परमाणु करार की न तो तकनीकी जानकारी होगी और न ही उसके नतीजों को समझ सकने की विवेकबुद्धि ही। सोमनाथ चटर्जी की बात छोड़ दे तो माहौल कुछ ऐसा है कि किसी सांसद ने जरा भी अपनी खोपड़ी का उपयोग किया, तो सब उसे घेर लेगे। न्यूज चैनल्स मे तो अटकलें लगाने और कहानियॉ गढ़ने की ऐसी होड़ लगेगी, गोया सांसदों के पास अपनी सोच रखने की कोई गुंजाईश ही न बची हो। मारे डर के सांसद की खोपड़ी काम करना बंद कर दे तो कोई आश्चर्य नहीं। फिर व्हिप (हंटर) का ही तो सहारा होगा। कौन जीतेगा ? यूपीए, विपक्ष, लोकतंत्र या फिर हंटर। वाम दल तो कह रहे है:-
''हमने तो दे दिया अवसर उछाल कर,
अब किस को क्या मिला, ये मुकद्दर की बात है''


डॉ ज़ीएलपुणताम्बेकर रीडर, वाणिज्य विभाग डॉ हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर (मप्र)विस्तार से पढ़ें..........