Stories

Showing posts with label राग-दरबारी. Show all posts
Showing posts with label राग-दरबारी. Show all posts

परिसीमन से गड़बड़ाए बुंदेलखण्ड के समीकरण...

विधानसभा चुनाव 2008 के नतीजों से जाहिर हो गया हैं कि यहां नए किस्म के जातीय व राजनीतिक समीकरण आकार ले रहें है। लेकिन लोक सभा क्षेत्रों की हदों के बदलने की वजह से बुंदेलखण्ड के चुनावी गणितों में भी बेहद बदलाव के आसार बन रहे है।ं इसी के चलते राजनैतिक दल पूरी ताकत से चुनावों की तैयारियों मे जुट गए है। हालांकि आगामी चुनाव नए परिसीमन के मुताबिक होना है इसलिए बढ़े हुए अतिरिक्त काम को समय पर निपटाने के लिहाज से चुनाव आयोग ने भी मैदानी स्तर पर काम शुरु कर दिया है। लोकसभा चुनावों के अप्रेल व मई के महीने मे होने के संकेत भी मिलने लगे हैं।
नए परिसीमन के बाद मप्र मे लोकसभा की कुल सीटों की संख्या 29 हो गई हैं! इनमें से 4 सीटें बुंदेलखण्ड मे हैं। बुंदेलखण्ड मे खजुराहों ही मप्र की इकलौती लोकसभा सीट हैं जो जिला मुख्यालय नहीं हैं। नए परिसीमन के बाद प्रदेश की हर लोकसभा सीट के तहत आठ-आठ विधानसभा सीटें हो गईं हैं। हालांकि बुंदेलखण्ड मे महज 26 विधानसभा सीटें हीं हैं इसलिए सागर संभाग की चार लोकसभा सीटों मे आठ का गणित पूरा करने के लिए पड़ौसी जिलों कटनी व विदिशा से 3-3 सीटें लेकर इस बुंदेलखण्ड मे शामिल की गईं हैं।
ताजा स्थित के मुताबिक सागर संभाग में लोक सभा व विधानसभा सीटों की कुल संख्या बढ़ कर क्रमश:4 व 32 हो गईं है। बुंदेलखण्ड की चारों लोकसभा सीटों 5-सागर, 6-टीकमगढ़, 7-दमोह व 8 खजुराहो में से सिर्फ टीकमगढ़ सीट ही आरक्षित है। इसके अलावा चार मे से केवखजुराहो लोक सभा सीट के जिला मुख्यालय नहीं होने की वजह से यहां का रिटर्निंग अधिकारी पन्ना के कलेक्टर को बनाया गया है।
सागर संभाग मे शामिल की गईं छह नई विधानसभा सीटों मे से तीन विदिशा जिले की हैं जबकि तीन कटनी जिले की हैं। विदिशा विस क्षेत्र की तीनों सीटें 146 कुरवई, 147 सिंरोंज व 148 शमशाबाद सागर लोकसभा क्षेत्र मे शामिल की गईं हैं। कटनी विस क्षेत्र की तीन सीटें -92 विजयाराघवगढ़, 93 मुड़वारा व 94 बहोरीबंद को खजुराहो लोक सभा सीट मे शामिल किया गया है।
इसके अलावा नए परिसीमन की वजह से संभाग के पांचों जिलों के तहत आने वाली विस सीटों का भी पुनर्वितरण किया गया है। इससे यहां के राजनीतिक समीकरणों में भी जबरदस्त बदलाव देखने को मिल रहा है।
नई व्यवस्था के मुताबिक सागर विधानसभा क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण सीटें 38 रहली, बण्डा व देवरी दमोह लोकसभा क्षेत्र में पहुंच गई है। जबकि दमोह लोकसभा क्षेत्र मे सागर की इन तीन विस सीटों के अलावा छतरपुर विधानसभा क्षेत्र की चर्चित 53 बड़ामलहरा सीट भी शामिल हो गई है। इस प्रकार सागर विधानसभा क्षेत्र की आठों विधानसभा सीटें अब नरयावली, खुरई, सागर, कुरवई, सिरोंज, शमशाबाद, सुरखी व बीना हैं जबकि दमोह लोस क्षेत्र की आठ ं सीटें-देवरी, रहली, बण्डा, बड़ामलहरा, दमोह, जबेरा, पथरिया व हटा हो गईं हैं।
अन्य दो लोकसभा सीटों टीकमगढ़ व खजुराहो में आठ-आठ विधानसभा सीटों की गिनती पूरी करने के लिए छतरपुर व पन्ना जिले की विधानसभा सीटों का पुनर्वितरण किया गया है। इसके मुताबिक टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र मे टीकमगढ़ जिले की पाचों विधानसभा सीटों- टीकमगढ़, जतारा, पृथ्वीपुर, निवाड़ी व खरगापुर के अलावा छतरपुर जिले की 3 विधानसभा सीटों-महराजपुर, छतरपुर व बिजावर को शमिल किया गया है। जबकि नवनिर्मित लोकसभा क्षेत्र मे छतरपुर जिले से 2 विस क्षेत्र चंदला व राजनगर, पन्ना जिले से तीन विस क्षेत्र-पवई, गुन्नौर व पन्ना व कटनी जिले से तीन विस क्षेत्र- विजयराघवगढ़, मुड़वारा व बहोरी बंद को शामिल किया गया है।
विधानसभा नतीजों से नवोदित भाजश व उप्र की ओर से दबाव बना रहे बहुजन समाजवादी पार्टी के दखल से बुंदेलखड क्षेत्र देश की चुनावी रणनीति का अंहम हिस्सा बना गया है। अब देखना यह है कि नए परिसीमन की वजह से आए जातीय व क्षेत्रीय बदलाव बुंदेलखण्ड को राष्ट्रीय राजनीति मे क्या अहमियत दिलाते हैं।

राजेश श्रीवास्तव,पत्रकार,सागरविस्तार से पढ़ें..........

रूठों को मनाने की कवायद..

भाजपा इन दिनों जिले मे जगह-जगह कार्यकर्ता सम्मेलनों के जरिए नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने और सोए हुए संगठन को सकिय करने मे जुट गई है। विगत साढ़े चार सालों से उपेक्षित तथा सरकारी मिशनरी द्वारा तिरस्कृत किए जाने की वजह से कार्यकर्ता घर बैठ गए हैं। विधानसभा चुनाव सर पर होने की वजह से क्षत्रपों को चुनाव जीतने के लिए कार्यकर्ताओं की याद सताने लगी है।
भाजपा शासन काल मे सत्ता के दलाल खूब फले-फूले, उनके आकार प्रकार और श्री संपदा मे इस दौरान गुणात्मक वृद्धि हुई। यही क्षत्रप एवं सत्ता के दलाल सरकारी अमले की पीठ थपथपाते रहे और कार्यकर्ताओं को ईमानदारी का पाठ पढ़ाते रहे। कार्यकर्ताओं द्वारा गाहे-बगाहे विभिन्न मंचों व कार्यक्रमों मे अपनी पीढ़ा भी व्यक्त की गई कि वे कांग्रेस के शासन काल मे तो अधिकारियों तथा कर्मचारियों से जनता के कार्य करवा लेते थे, लेकिन पार्टी की सरकार में उनकी कोई नहीं सुनता। उनके इस दर्द को किसी ने नहीं सुना। शायद यही वजह हे कि जिले मे कमलदल के सभी आयोजन फ्लाप शो रहे।
इन दिनों विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलनों का दौर चल रहा है। उन तिरस्कृत कार्यकर्ताओं को अच्छा भोजन करवाकर चुनाव संग्राम मे कूदने का आव्हान किया जा रहा है। अब तक के हालातों पर गौर करें तो इन सम्मेलनों की आक्सीजन भी मृत संगठन मे प्राण फूंकने मे नाकाम होती दिख रही है। सियासी प्रेक्षकों का मानना है कि भाजपा ने कार्यकर्ताओं को तरजीह देने में काफी देरी कर दी है। अब उसे शायद ही सम्मेलनों का लाभ मिले। किसी ने ठीक ही कहा है।

अब होश आ रहा है, जब अक्ल खो रही है।
सोने जा रहे हो, जब सुबह हो रही है।

संघम् शरणम् गच्छामि....

भाजपा के युवा जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र जैन को इन दिनों संगठन से अधिक अपने टिकिट की चिंता सता रही है। 'दिन मे नहीं चैन रात में नहीं निंदिंया' की तर्ज पर वे जिले मे सुरखी, रहली और बंडा को छोड़ शेष 3 सामान्य क्षेत्रों पर पैनी निगाह गड़ाए हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा समर्थक श्री जैन की प्राथमिकता सागर विधानसभा क्षेत्र है लेकिन सुधा जैन जी को नहीं डिगा पाए तो देवरी या खुरई से टिकिट पाने की आस मे दोनों राजधानियों तक दौड़ रहे हैं। पिछली बार टिकिट से चूके शैलेन्द्र जी 'अभी नहीं तो कभी नहीं' जैसी स्थिति मानकर संघम् शरणम् गच्छामि हो गए हैं।

भाजश मे घमासान.....

भले ही भाजश का ग्राफ जिले मे घटता जा रहा हो, लेकिन पार्टी के कागजी शेरों मे घमासान मचा हुआ है। घमासान जनाधार बढ़ाने की बजाए सिर्फ वर्चस्व कायम करने को लेकर है। पार्टी के पराजय दर पराजय झेलने वाले जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह सुमरेड़ी की स्थिति आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणछोड़ जैसी हो गई है। पहले सुरखी और अब खुरई से भी चुनाव नहीं लड़ने की मंशा जाहिर करते फिर रहे हैं। सागर शहर मे नगर अध्यक्ष श्रीमती संध्या भार्गव एवं प्रदेश सचिव मुकेश जैन मे टिकिट को लेकर तकरार बढ़ती जा रही है। देवरी विधानसभा क्षेत्र मे उमाजी की दो सफल सभाओं से यहां दावेदारों मे घमासान मचने के संकेत हैं। सियासी प्रेक्षकों का मानना है कि जिले में भाजश के पास जीत सकने वाले उम्मीदवारों का टोटा है।

गुरू भैया शुरू...

युंका के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अभय जैन 'गुरू भैया' सागर विधानसभा क्षेत्र से टिकिट पाने सक्रिय हो गए हैं। युंका के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हरियाणा के परिवहन मंत्री रणदीप सिंह सूरजेवाला से गुरू भैया के नजदीकी संबंध सर्वविदित हैं ही। नेहरू परिवार पर उनका शोध ग्रंथ कांग्रेस के आला नेताओं के पास है ही। ये दो कारण श्री जैन के लिए सहायक हो सकते हैं। क्षेत्र मे सामाजिक और राजनीतिक पैठ को लेकर ढोलक परिवार से सभी भिज्ञ हैं।

हाथी का खौफ...

गत दिनों हाथी जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों मे खूब दौड़ा। उप्र के श्रममंत्री कुंवर बादशाह सिंह ने बीना, खुरइ, सुरखी, नरयावली, बंडा और सागर क्षेत्र मे भाई चारा बनाओ सभाओं के जरिए चुनाव का शंखनाद कर दिया है। इन सभाओं मे अजा वर्ग के अलावा सर्वर्णों की खासी मौजूदगी से भाजपा और कांग्रेस नेताओं के चेहरे मुरझा गए हैं। अभी रहली एवं देवरी क्षेत्र मे हाथी का घूमना शेष है।
श्रम मंत्री पृथक बुंदेलखण्ड की आवश्यकता और पिछडे़पन को लेकर कांग्रेस-भाजपा पर खूब बरसे। बादशाह सिंह की सिंह गर्जना के बाद से यहां सियासी हलकों मे हाथी के खौफ की चर्चा चल पड़ी है।

विवाद कार्यवाहकों का...

कांग्रेस मे चुनाव सर पर होने के बावजूद कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। पहले शहर और ग्रामीण अध्यक्षों द्वारा पार्टी विधान के विपरीत प्रवक्ताओं की फौज खड़ी करने को लेकर विवाद रहा और इन दिनों प्रदेश सचिव पं० हरिओम शर्मा द्वारा दो कार्यवाहक मंडल अध्यक्षों की घोषणा के साथ विवाद इतना गहरा गया कि मामला दिल्ली तक जा पहुंचा।
खुरई के प्रदेश महामंत्री पं० अरूणोदय चौबे विरोधी खेमे के श्री समैया को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया तो नयावली क्षेत्र मे पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी विरोधी खेमे के ठाकुर हनुमत सिंह को कार्यवाहक नियुक्त करने को लेकर घमासन मच गया। अब अन्य मंडलों मे नियुक्तियां रोक दी गईं हैं। पं० हरिओम शर्मा कांग्रेस के जिला ग्रामीण के प्रभारी जरूर हैं लेकिन नेतृत्व ने उन्हें टिकिट आवंटन के या अन्य कोई अधिकार नहीं दिए हैं। लेकिन एक गुट विशेष के ईशारे पर काम करने को लेकर यहां कांग्रेस मे आंतरिक कलह गहरा गई है।

और अंत में...

उमाजी समर्थक कमलदली विधायकों और नेताओं में भविष्य को लेकर घबराहट है। सूत्रों के मुताबिक मौजूदा 3 विधायकों का टिकिट कटना लगभग तय है। सूत्र के अनुसार उमा समर्थक सांसद से चोट खाई भाजपा अब एकदम दोहरी निष्ठा वालों को विधानसभा चुनाव में नकार रही है। वहीं भाजश लोधियाना क्षेत्रों तक मे जीतने का माद्दा नहीं रख ती। सो कमलफूल सुंघ-सूंघ कर सत्ता का स्वाद चख चुके उमा समर्थकों को नए ठिकाने की तलाश मे बताया जाता है। आखिर उन्हें कुर्सी का स्वाद जो लग गया है।

विस्तार से पढ़ें..........

कलह ताल मे डूबता कमल दल...

रामशंकर तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार
जिले मे विधानसभा चुनाव करीब होने के बावजूद कमलदल मे कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। इस बात की चिंता ने तो संगठन को है और नही जनप्रतिनिधियों को। 27 जनवरी 2005 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आगमन पर उमडे जन सैलाब के बाद से लगातार फ्लापशो हो रहे हैं। विगत दिनों भाजपा के राष्टीय महामंत्री और प्रखर वक्ता विनय कटियार की सभा मे पूरे जिले से चार अंकों मे भी मीड नहीं जुट पाना कमलदल की जिले मे बेहद गंभीर हालात को दर्शाता है।
शहर मे पार्टी के दो मंडलों सहित दो दर्जन से अधिक मोर्चा प्रकोष्ठ हैं। उनके पदाधिकारियों की संख्या सैकडों मे है और वे सभी भाजपा के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र भैया के पसंदीदा हैं। सूत्रों के अनुसार सबसे निष्क्रिय और कमजोर संगठन शहर मे माना जा रहा है। अन्यथा मेडीकल कॉलेज के भूमिपूजन समारोह से लेकर कटियार की सभा तक संभाएं फ्लाप नहीं होतीं, क्योंकि अन्य दलों के ऐसे आयोजनों मे भी भीड शहर से ही उमडती है। सियासी प्रेक्षकों का अनुमान है कि जिले मे संगठन आक्सीजन पर है। संगठन मंत्री और जिलाध्यक्ष का ऐसा प्रेम कार्यकर्ताओं से तालमेल मे बाधक है। भैया के इर्द-गिर्द दागदार काकस मंडली का मजबूत घेरा संगठन को कमजोर बनाए हुए है। बुंदेल्खण्ड की केन्द्र सरकार द्वारा कथित उपेक्षा के विरोध मे प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र तोमर के नेतृत्व मे धरना और मुख्यमंत्री के आथित्य मे हुई सभा की हालात भी अत्यंत सोचनीय रही थी। प्रेक्षकों का मानना है कि कमलदल भी सत्ता के दलालों की गिरफ्त मे है। सो उन्हें यह नहीं दिखाई दे रहा है कि कमलदल के कलहताल मे कमल का फूल मुरझा रहा है।
सागर पर टिकी है नजर जैनियों की....
भाजपा नेत्री सुधा जैन ने सागर क्षेत्र से लगातार तीन बार चुनाव जीतकर रिकार्ड कायम किया है। अब सभी दलों के जैन नेता सागर पर नजर गढाए हुए हैं। भाजपा के शैलेन्द्र जेन, कांग्रेस से नवीन जैन एवं पूर्वमंत्री प्रकाश जैन, हाल ही मे बसपा मे शामिल हुए डॉ० गुलाब जैन समैया, राकपां से सुनील जैन, सपा से असर्फीलाल जैन व भाजश से मुकेश जैन ढाना सागर से चुनाव लडकर विधानसभा तक पहुँचने का सपना संजोए हुए हैं। हालांकि अभी लोजपा, लोसपा, जेएनडी, भाकपा और माकपा के पत्ते खुलना शेष है। पिछले चुनावों मे सुधाजी के खिलाफ सपा ने डॉ० प्रकाश्‍ा जैन को मैदान मे उतारा था, लेकिन यदि सभी दलों ने चुनावी महासंग्राम मे तराजुओं को ही उतारा तो पहली मर्तबा सागर मे अद्भुत चुनावी नजारा देखने को मिल सकता है। हालांकि ऐसी संभावना कम ही नजर आ रही है।
और अब पंडित याद आए...
विस चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस विधायक ठा।गोविन्द सिंह राजपूत को सुरखी क्षेत्र के पंडितों की पहली दफा याद आई। पिछले चुनाव मे अजा वर्ग और अल्पसंख्यकों पर डोरे डालकर चुनावी वैतरणी पार की थी लेकिन बसपा की सक्रियता ने राजपूत का सुखचैन लगभग छीन सा लिया है। क्षेत्र मे ब्राह्राण मतदाताओं की संख्या अधिक होने से तिलकों के पांव पखारना लाजमी है। गुरु पूर्णिमा के ठीक एक दिन पहले रवीन्द्र भवन मे सुरखी क्षेत्र के पंडितों का समारोहपूर्वक सम्मान कर राजपूत परिवार ने उनके प्रति श्रद्धा प्रकट करने का प्रयास किया है। लेकिन समारोह मे राजनैतिक रंग चढ जाने से अपेक्षित संदेश जनता मे नहीं गया। उतने पर एक भाजपा के सहकारिता नेता ने आयोजन की बखिया उधेड दी। नेताजी कहिन भाजपा सुरखी क्षेत्र से एक प्रतिष्ठित चिकित्सक को चुनाव मे उतार रही है, सो भनक लगते ही राजपूत परिवार द्वारा आनन फानन मे समारोह आयोजित कर डाला।
अलटी-पलटी...
देवरी क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं उद्योगपति सुनील जैन की अंतत: कांग्रेस मे वापिसी नहीं हो सकी। सूत्रों के मुताबिक प्रभाराव, विद्या भैया और डॉ० रमेश चैनीथला तक मुकेश नायक के माध्यम से डोरे डाले गए, लेकिन सभी प्रयास विफल रहे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुरेश पचौरी भी सुनील भैया को राहत नहीं दिला पाए। सो अब उनके समर्थकों का कांग्रेस से मोहभंग होता लग रहा है। गत दिनों भैया के कट्टर समर्थक और युकां के महामंत्री संजय चौबे का भाजपा प्रवेश इसी कडी मे माना जा रहा है। भाजपा अध्यक्ष के जन्मदिन पर सेवादल के पूर्व अध्यक्ष विजय साहू समेत अनेक कांग्रेसी उनके निवास तक गए। सियासी हलकों मे कयास लगाएजा रहे हैं। विधानसभा चुनाव को मद्देनजर और अलटी-पलटी बढेगी.....।
चर्चा भाजश की...
सियासी हल्कों मे इन दिनों यह खबर चर्चा मे है कि बंडा क्षेत्र से भाजश का उम्मीदवार कौन होगा? अंदरखानों की चर्चानुसार क्षेत्र के ही जलसंसाधन विभाग के सेवानिवृत इंजीनियर जो कि पिछडावर्ग से संबंधित है चुनाव मैदान मे उतरेंगें। सूत्र के अनुसार उमाजी से उनकी चर्चा भी हो चुकी है। हालांकि उनका परिवार वर्तमान मे तो भाजपा मे अहम पद पर है लेकिन चुनाव आते-आते उमाजी की शरण मे चला जाएगा।
चर्चा सर्वेक्षण की..
कांग्रेस के विधानसभा चुनाव के लिए टिकिट के दावेदारों की हालत "दिन नहीं चैन रात नहीं निदिंया" जैसी हो चली है। जिले के कुछ दबंग नेता जो अपना टिकिट पक्का मानकर चल रहे थे, पार्टी नेतृन्व द्वारा फिर से गोपनीय सर्वे कराए जाने की खबर से उनकी सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई है। दिल्ली से लौटे असरदार कांग्रेस के नेता के अनुसार पूर्व मे कराया सर्वे लीक हो जाने की वजह से अब नए तरीके से गोपनीय सर्वे कराया जा रहा है। अब प्रत्येक विधानसभा से क्षेत्र से तीन हजार से चार हजार मतदाताओं से जीत सकने वाले टिकिटार्थियों के मामले मे राय जानी जा रही है।
और अंत में...
कांग्रेस इन दिनों वाकई काफी सक्रिय है। शायद ही अवकाश दिवस को छोड ऐसा कोई दिन शेष रहता हो जब कांग्रेसजनों ने राज्यपाल या मुख्यमंत्री के नाम दो-तीन ज्ञापन प्रशासन को न सौपे हों। नेतागण ज्ञापन फोटोग्राफर के बगैर सौपने मे अपनी तौहीन समझते हैं। आखिर पार्टी नेतृत्व को सक्रियता भी तो दिखाना है और ऐसा
करने के लिए अखबार की कतरन भी तो चाहिए। सो चाहे शहर कांग्रेस हो या ग्रामीण, जनता के बीच जाने की मशक्कत कौन करे। ज्ञापन और अखबार की कतरन सबसे सस्ता रास्ता माने जाना लगा हे सक्रियता का।
विस्तार से पढ़ें..........