Stories

Showing posts with label SantoshGoutam. Show all posts
Showing posts with label SantoshGoutam. Show all posts

गुड़िया

किसी बच्चे का इससे बड़ा दुर्भाग्य और क्या होगा कि दुनिया में आते ही उसकी मां परलोक सिधार जाए। गुड़िया भी कुछ ऐसी ही बदनसीब थी। आंखे खोलते ही उसे सबसे पहले अपनीं मां की मृत देह देखने मिली थी। पत्नी की मौत से महेश पूरी तरह टूट चुका था। एक तो पत्नी को खो देने का गम और उस पर नवजात बच्ची की देखभाल की जिम्मेदारी।
नन्हीं गुड़िया को नहलाना, धुलाना, बोतल से दूध पिलाना, इसी में उसका दिन बीत जाता। बच्ची को सुलाने की कोशिश में उसे रात-रात भर जागना पड़ता। इसी व्यस्तता के कारण उसकी खेती बाड़ी भी चौपट होती जा रही थी। महेश की यह हालत देख उसके रिश्तेदार और शुभ चिंतक उसे दूसरा विवाह कर लेने पर जोर दे रहे थे। बुजुर्ग समझाते कि अपने लिए न सही लेकिन बच्ची की खातिर उसे शादी कर लेना चाहिए।
अभी तो बच्ची छोटी है, कल जब सयानी होने लगेगी तब उसकी देखरेख के लिए मां का होना बहुत जरूरी है। काफी सोच विचार करने के बाद महेश दूसरी शादी करने के लिए राजी हो गया। दूर की रिश्तेदारी में एक सामान्य दर्जे की घरेलू युवती कमला से उसका मंदिर में से विवाह हुआ। सीधी-सादी पत्नी को पाकर महेश खुश था। कमला ने आते ही गृहस्थी और गुड़िया की सारी जिम्मेदारी संभाल ली।
महेश के परिवार की गाड़ी एक बार फिर जिंदगी की पटरी पर दौड़ने लगी। घर से निश्चिंत होते ही वह अपनी खेती किसानी पर पूरा ध्यान देने लगा। उसकी पहली पत्नी अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। लिहाजा ससुराल की पांच एकड़ जमीन महेश को ही मिली थी। उसके पड़ौसी गांव में ही वह जमीन थी। महेश यह देख कर प्रसन्न था कि कमला सगी मां की तरह गुड़िया को पाल रही है।
समय का पहिया अपनी रफ्तार से घूम रहा था। गुड़िया दो साल की हो रही थी। वह दिन भर घर में धमाचौकड़ी मचाती रहती। शादी के कुछ माह बाद ही कमला के पैर भारी हो गए। महेश उसका खूब ध्यान रखता। इस बार वह कोई चूक नहीं करना चाहता था। प्रसव के लिए वह कमला को शहर के एक बड़े निजी नर्सिंग होम ले गया।वहां कमला ने फूल से सुंदर पुत्र को जन्म दिया। अब तो महेश खुशी से फूला नहीं समा रहा था।
वह ऐसे प्रसन्न था जैसे उसे सारी दुनिया की दौलत मिल गई हो। कमला और महेश अपने बेटे को मुन्ना कहकर पुकारते। अब कमला का पूरा ध्यान अपने मुन्ना पर ही केन्द्रित रहता। वह गुड़िया के प्रति बिल्कुल बेपरवाह हो गई। गुड़िया उसे अनचाहा भार महसूस होने लगी। वह दिन भर लावारिस बच्चों की तरह इधर-उधर भटकती रहती।
गुड़िया अपने छोटे भाई मुन्ना को गोद में रख कर खूब दुलार करना चाहती, लेकिन कुसुम उसे भाई के पास फटकने तक नहीं देती। बात-बात पर उसे मां की दुत्कार झेलना पड़ती। महेश दिन भर खेत पर काम करके शाम को थका मांदा घर लौटता। वह घर के हालात से बिल्कुल अंजान था। मुन्ना की उम्र के साथ साथ कमला की गुड़िया के प्रति बेरूखी भी बढ़ती जा रही थी। महेश के घर पहुंचते ही कमला गुडिया की शिकायतें लेकर बैठ जाती। रोज-रोज शिकायतें सुन कर वह भी गुड़िया पर झुझलाने लगता। मां-बाप की झिड़कियों से गुड़िया सहम कर रह जाती।
कमला अब महेश को गांव छोड़ कर शहर में रहने की सलाह देने लगी। वह कहती कि गांव की जमीन कोई लेकर थोड़े ही भाग जाएगा। जमीन किसी को किराए पर दे देंगे। शहर में कोई नौकरी कर लेना। वहां बच्चों की पढ़ाई लिखाई भी बेहतर ढंग से हो सकेगी। जब बच्चों के बेहतर भविष्य की बात आई तो महेश शहर में रहने के लिए तैयार हो गया।
एक दिन शहर जाकर उसने किराए का मकान भी ले लिया। इधर गांव की जमीन १८ हजार रूपए सालाना ठेका पर देकर वह सपरिवार शहर आ गया। खुश किस्मती से उसे एक दुकान पर तीन हजार रूपए महीने की नौकरी भी मिल गई। नौकरी मिल जाने से उसका परिवार खुशहाल जिंदगी जीने लगा। अब गुड़िया तीन साल की हो चुकी थी। महेश ने कमला से उसका स्कूल में दाखिला कराने के लिए कहा।
कमला ने पास ही एक सरकारी प्रायमरी स्कूल में गुड़िया का नाम लिखवा दिया। परिवार में गुड़िया को छोड़ कर सभी के रहन-सहन में सुधार आ गया था। गुड़िया के साथ कमला का व्यवहार बद से बदतर होता जा रहा था। कई बार तो उसे भूखा ही स्कूल जाना पड़ता। उस पर ध्यान देने उसे नहान-धोने, खाने-पीने के लिए पूछने वाला घर में कोई नहीं था।
देखरेख के अभाव में गुड़िया का मन पढ़ाई-लिखाई में कम ही लगता। अपनी कक्षा की वह पढ़ने में सबसे कमजोर लड़की मानी जाने लगी। इस वजह से उसे स्कूल और घर में अक्सर फटकार लगाई जाती। यह गुड़िया की मासूमियत थी या वह दुनिया के इस व्यवहार की अभ्यस्त हो गई थी कि मां की मार और पिता की फटकार उसे ज्यादा विचलित नहीं करती।
तीज त्यौहार पर छोटे भाई को नए-नए कपड़े मिलते, लेकिन वह मुंह ताकती रहती। घर में पकवान बनते पर उसे खाने के लिए बचा खुचा ही मिलता। एक दिन स्कूल से आकर गुड़िया ने कमला को बताया कि उसके शिक्षक ने मम्मी-पापा को बुलाया है। दूसरे ही दिन कमला और महेश गुड़िया के साथ स्कूल पहुंच गए। स्कूल में शिक्षक ने गुड़िया की शिकायतों की झड़ी लगा दी।
महेश शिक्षक की बातें सुनकर जैसे जमीन में गढ़ा जा रहा है। स्कूल से बाहर निकलते ही कमला उस पर बरस पड़ी। देख ली अपनी लाड़ली की करतूत। अभी छोटी है तो मास्टर की बातें सुनना पड़ रही हैं। बड़ी होगी तो सारी दुनिया के सामने नीचा ना देखना पड़ेगा। तुम्हारे लाड़ ने इसे बिगाड़ कर रख दिया है। कमला के ताने महेश के मन में तीर की तरह लग रहे थे।
घर पहुंचते ही वह गुड़िया पर टूट पड़ा। उसने पहली बार गुड़िया पर हाथ उठाया था। पिता के तमाचों से गुड़िया का गोरा चेहरा लाल पड़ चुका था। वह एक कोने में दुबकी काफी देर तक सिसकती रही। कौन था जो उसके आंसू पौंछता। कमला ने कह दिया, आज इसे खाना नहीं दिया जाएगा। रात में सभी गहरी नींद में सो रहे थे लेकिन भूख के मारे गुड़िया की आंखों से नींद कोसो दूर थी।
गुड़िया समझ नहीं पा रही थी कि उसे किस गलती की सजा दी जा रही है। रोते-रोते उसे कब नींद आ गई,पता ही नहीं चला। सुबह होते ही मां की आवाज गुड़िया के कानों में पड़ी-महारानी अब स्कूल भी जाएगी या सोती ही रहेगी। वह हड़बड़ा कर बिस्तर से उठी, मुंह धोया और बस्ता उठा कर स्कूल के लिए चल दी। भूख के मारे उसके पैर नहीं उठ रहे थे। कुछ दूर ही चली थी कि चलना मुश्किल हो गया। वह सड़क किनारे एक चबूतरे पर बैठ गई। उसने देखा कि पास ही खड़ी उसी की उम्र की एक मैली-कुचैली लड़की राह चलते लोगों के आगे हाथ फैला कर पैसे मांग रही है। कुछ लोग उसके हाथ में सिक्के रखते जा रहे थे।
कुछ ही देर में उस लड़की की मुट्‌टी सिक्कों से भर गई। नन्ही गुड़िया को अभी अच्छे बुरे की समझ ही कहां थी। उसके बाल मस्तिष्क को यह तरकीब अच्छी लगी। उसने सोचा पैसे मिल जाएंगे तो बाजार में कुछ खरीद कर खा लेगी। गुड़िया भी उस लड़की की तरह राहगीरों के आगे हाथ फैलाकर पैसे मांगने लगी। उसकी मासूमियत देख कर लोग उसे पैसे देते जा रहे थे। संयोग से तभी महेश वहां से गुजरा।
वह घर से सब्जी खरीदने बाजार जा रहा था। गुड़िया को भीख मांगते देख उसे ऐसा लगा जैसे हजारों वाट का करंट उसके शरीर में दौड़ गया हो। वह जड़वत खड़ा गुड़िया को देख रहा था। अगले ही पल वह गुड़िया पर ऐसे झपटा जैसे बिल्ली चूहे के बच्चे पर झपटती है। गुड़िया को गोद में उठा कर वह घर की ओर भागा। घर पहुंचते ही उसने गुड़िया को एक कमरे में बंद कर दिया। महेश के हाथ पैर जैसे सुन्न हो गए थे।
वह निढाल होकर पलंग पर पसर गया। वह सोच नहीं पा रहा था कि यह क्या हो गया। कभी उसे गुड़िया पर गुस्सा आ रहा था तो कभी इस स्थिति के लिए खुद को जिम्मेदार मानकर पछतावा हो रहा था। जैसे सावन में आसमान पर बादल आते-जाते हैं, वैसे ही उसके मन में विचार आ-जा रहे थे। वह सोच रहा था कि जिसकी मां की जमीन की बदौलत उसका परिवार एशो आराम कर रहा है, वह लड़की भीख मांगने मजबूर है।
वह अपराध बोध से दबता जा रहा था। उसे महसूस हो रहा था कि उससे बहुत बड़ा गुनाह हो गया है। इसकी सजा पता नहीं भगवान उसे किस रूप में देगा। यह सोच कर उसकी रूह कांप उठी। वह पलंग से उठा और उस कमरे पहुंचा, जहां गुड़िया थी।
पिता को देखते ही डर कर वह एक कोने में दुबक कर बैठ गई। उसकी मासूम आंखें मानो पिता से जीवनदान मांग रही थीं। वह कहने लगी पापा अब कभी गलती नहीं होगी। यह सुनते ही महेश ने उसे उठा कर सीने से लगा लिया। महेश फूट-फूट कर रो रहा था। गुड़िया उसे हैरत भरी नजरों से देखने लगी। महेश के आंसुओं से गुड़िया भीगती जा रही थी।
कृष्णकिशोर गौतम(संतोष) अगरियावाले, डा.अनिल तिवारी के पास , सागर(मप्र)
विस्तार से पढ़ें..........

खून का रिश्ता

ठाकुर राजबहादुर सिंह की गांव में वही हैसियत थी जो परिवार में मुखिया की होती है। सारा गांव उन्हे सम्मान से राजा जू कहता था। उम्र के छह दशक पार कर लेने के बावजूद वे पूरी तरह स्वस्थ थे। छह फुट लंबा कद, मजबूत शरीर, चेहरे पर सफेद तनी हुई मूंछे उनके रौब को और ज्यादा बढ़ातीं थी। गांव में सबसे बड़े किसान तो वे थे ही साथ ही तीन बार निर्विरोध सरपंच चुने गए थे। पांच संतानों में सबसे बड़ा बेटा विक्रम सिंह ही उनके साथ गांव में रहता था। बाकी बच्चे शहर में जा बसे थे। उस दिन राजबहादुर सिंह सुबह से ही व्यस्त थे। अगले दिन उनकी पोती की शादी थी। शहर से बारात आना थी। लड़के वाले पढ़े लिखे वर्ग के थे। लिहाजा तैयारी उसी स्तर की कराई जा रही थी। घर के बाहर वाला मैदान साफ कराया जा रहा था। सुबह से ही कई मजदूर काम में लगे थे। इसी बीच एक मजदूर काम के दौरान अंजाने में उन्हे छूता हुआ निकल गया। फिर क्या था, राजा जू आग बबूला हो गए। उस मजदूर की तो शामत ही आ गई। उसे आधा घंटे राजा जू की गालियां सुनना पड़ी। राजबहादुर सिंह ने दोबारा नहाया, कपड़े बदले फिर बाहर निकले। सारा गांव जानता था कि राजा जू जाति-पाति और छुआछूत के पक्के पक्षधर थे। परिवार के लोग भी इस बात से परेशान रहते लेकिन राजा जू से बहस करने की हिम्मत किसी में नहीं थी। उनका मुंह लगा भतीजा वीरसिंह जरूर पिछले माह इसी मुद्दे पर बहस करने लगा था। उसने कहा ताऊ जी सब इंसान भगवान के बनाए हुए है। इस पर राजबहादुर सिंह का कहना था कि जात-पांत भी तो भगवान की ही बनाई हुई है। अंत में राजबहादुर सिंह नहीं माने और वीरसिंह को चुप होना पड़ा। हालांकि दलित वर्ग से उन्हें पूरी सहानुभूति रहती। गांव के दलितों की आड़े वक्त पर वे पूरी मदद करते लेकिन जाति का अंतर वे कभी न भूल पाते। अब तो गांव के दलित भी उनकी बात का बुरा नहीं मानते। उन्हें इस बात की तसल्ली रहती कि राजा जू उनकी जरूरतें पूरी करते है, प्रेम से बोलते है। राजबहादुर सिंह की उम्र के लोग चाहे वह किसी भी वर्ग के हों, उनकी जैसी मानसिकता के ही थे।
राज बहादुर सिंह सफाई में लगे मजदूरों को जरूरी हिदायते दें रहे थे। उसी समय शहर से टेन्ट का सामान लेकर ट्रक आ गया। ट्रक में लोहे के पाइप, कुर्सियां और टेन्ट का सामान था। राजबहादुर सिंह ने मजदूरों से कहा कि पहले ट्रक में से सामान उतार लो। सामान उतरते ही टेन्ट वाले ने मजदूरों को बताया कि पाइप गाड़ने के लिए कहां-कहां गड्डे करना है। मजदूर अपने अपने काम में लग गए। एक घंटे में ही सारे पाइप गाड़ दिए गए। राज बहादुर सिंह टेन्ट वाले से शामियाने का नक्शा समझ रहे थे। उसने बताया कि कहां स्टेज, कहां कुर्सियां होंगी। तभी तेज हवा चली और लोहे का एक पाइप उखड़ कर राज बहादुर के सिर पर आ गिरा। सिर में चोट लगते ही वे अचेत हो कर जमीन पर गिर पड़े। उनके सिर से खून का फव्वारा फूट रहा था। मजदूरों ने उनकी तौलिया से सिर बांधा। लेकिन खून का रिसना बंद नहीं हुआ। उस समय उनका बड़ा बेटा विक्रम सिंह शहर गया हुआ था। खबर मिलते ही भतीजा वीरसिंह जीप लेकर आ गया। दो-तीन मजदूरों ने उन्हे उठा कर जीप में लिटाया कुछ मजदूर भी जीप में बैठ गए। करीब डेढ़ घंटे में जीप शहर की एक बड़ी अस्पताल पहुंची। स्टेचर पर रख कर उन्हें अस्पताल के अंदर ले जाया गया। डाक्टर ने उनका ब्लड प्रेशर देखा। डाक्टर ने वीरसिंह को बताया कि मरीज को अभी खून देना पडेग़ा। तुरंत राज बहादुर सिंह का ब्लड ग्रुप देखा गया। उनका खून ''ओ'' पाजीटिव ग्रुप का था। यह ग्रुप अस्पताल में भी उपलब्ध नहीं था। डाक्टर ने सलाह दी कि उनके साथ आए सभी लोगों का ब्लड ग्रुप चैक कर लिया जाए। संयोग से उनके साथ आए मजदूर पूरन अहिरवार का खून उसी ग्रुप का था। डाक्टर ने कहा समय बिल्कुल नहीं है जल्दी से जल्दी खून देना होगा। तब तक राजबहादुर सिंह को एक वार्ड में पहुंचा दिया गया था। पूरन उन्हें खून देने खुशी-खुशी तैयार हो गया। पूरन का खून निकाल कर राजबहादुर सिंह को दिया जाने लगा। जैसे-जैसे खून राजबहाुदर के जिस्म में पहुंचता जा रहा था, वैसे-वैसे उनकी चेतना वापस आती जा रही थी। कुछ देर में ही राजबहादुर सिंह ने आंखे खोल ली। उन्होंने पलंग के बाजू में लटक रही ब्लड की बाटल को देखा। उन्हें समझते देर न लगी कि उन्हें खून दिया जा रहा है। तभी उनकी नजर बगल वाले पलंग पर लेटे पूरनलाल पर पड़ी। यह सोच कर कि उन्हें दिया जा रहा खून पूरनलाल का है, उनके दिमाग को जोरदार झटका लगा। उनके अंदर मानो भूचाल आ गया था। अंदर सब कुछ उथल पुथल हो रहा था। फिर भी वे शांत लेटे कुछ सोच रहे थे। उनकी कई धारणाएं टूट-टूट कर चकनाचूर हो रही थी। उन्हें होश में आया देख पूरनलाल उठ कर खड़ा हो गया। वह हाथ जोड़े गुनहगार की सी मुद्रा में खड़ा था। उसने कहा राजा जू मुझसे भूल हो गई। मैंने अपना खून आपको दे दिया। तब राजबहादुर मुस्कुराए और कहा-अब तो हमारे बीच खून का रिश्ता हो गया, डरते क्यों हो।
कृष्णकिशोर गौतम 'संतोष'

विस्तार से पढ़ें..........

रिटायरमेंट

घड़ी की सुईयां रात के बारह बजने का संकेत दे रही थी। बिस्तर पर लेटे सत्यप्रकाश शर्मा की आंखों से नींद कोसों दूर थी। वह 29 अप्रैल की रात थी। अगले दिन 30 अप्रैल को सत्यप्रकाश सेवानिवृत्त होने वाले थे। आने वाले दिनों को लेकर वे काफी उत्साहित थे। नौकरी की जिम्मेदारी से फारिग होकर वे भरपूर जीवन जीना चाहते थे। मन ही मन वे कई योजनाएं बना रहे थे।
वे सोच रहे थे कि अब फुर्सत में पोते-पोती के साथ खूब खेलूंगा। बगीचे में फूलदार पौधों की देखभाल करूंगा। साथ ही वह सब करूंगा जो अभी तक समयाभाव के कारण चाहकर भी नहीं कर पाता था। अब वे अपना ज्यादातर समय परिवार के साथ बिताना चाहते थे। उनका मानना था कि नौकरी की व्यवस्तताओं के चलते वे परिवार को उतना समय नहीं दे पाए जितना देना चाहिए। इन्हीं ख्यालों में खोए सत्यप्रकाश सुबह होने का इंतजार कर रहे थे।
अपनी अध्यापक की नौकरी के दौरान बिताए 40 साल उनकी आंखों के सामने चलचित्र की तरह आ-जा रहे थे। जीवन में उनके लिए अपनी नौकरी सर्वोपरि रही। अपने विभाग में वे ईमानदार, और समर्पित शिक्षक के रूप में पहचाने जाते थे। लंबे कार्यकाल में ऐसा कभी नहीं हुआ कि वे समय पर स्कूल नहीं पहुंचे हो। उन्होंने छुटटी तभी ली जब बहुत ज्यादा बीमार हुए। नौकरी की शुरूआत में उनकी पदस्थापना एक गांव की स्कूल में हुई। रोजाना कई मील पैदल चलना पड़ता था। झुलसाती धूप, मूसलाधर बारिश या कड़कड़ाती ठंड, उन्हें स्कूल पहुंचने में कभी बाधक नहीं बनी। यह उनकी मेहनत का ही नतीजा था कि उनके पढ़ाए विद्यार्थी उच्च पदों पर थे। विद्यार्थियों के मन में उनके प्रति हार्दिक सम्मान था।
सत्यप्रकाश के परिवार में पुत्र और बहू के साथ दो बच्चे हैं। दो वर्ष पहले ही उनकी पत्नी स्वर्ग सिधार गई। पुत्र कमलेश रेलवे में क्लर्क है। उसके बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं। भविष्य की कल्पनाओं में डूबे सत्यप्रकाश की आखिरी पहर आंख लग गई।
सुबह करीब साढ़े छह बजे उनकी नींद खुली। जल्दी-जल्दी नहा-धोकर वे स्कूल जाने तैयार हुए। रोज की तरह हाथ में छाता लिए सत्यप्रकाश समय पर स्कूल पहुंच गए। स्कूल पहुंचते ही उन्होंने देखा कि उनके विदाई समारोह की जोरदार तैयारी की गई है। स्कूल के हाल में एक ओर बड़ा मंच बनाया गया था। उन्हें पता चला कि कुछ ही देर में जिला शिक्षा अधिकारी भी वहां पहुंचने वाले हैं।
उस क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोग स्कूल पहुंचने लगे। वार्ड के पार्षद धनाड्य और समाजसेवी उन्हें विदाई देने आ चुके थे। तभी जिला शिक्षा अधिकारी की कार शाला प्रांगण में दाखिल हुई। जिला शिक्षा अधिकारी की स्कूल स्टाफ ने आगवानी की। उन्हें सम्मानपूर्वक मंच पर ले जाया गया। डीईओ के आने के बाद विदाई समारोह विधिवत प्रारंभ हुआ। मंचासीन अतिथियों ने अपने उदबोधन में सत्यप्रकाश जी को आदर्श शिक्षक बताया। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि आज के शिक्षकों को सत्यप्रकाश जी से प्रेरणा लेना चाहिए। कई वरिष्ठ शिक्षकों ने सत्यप्रकाश जी से जुड़े प्रेरक संस्मरण सुनाए।
कार्यक्रम के अंत में सत्यप्रकाश जी का शाल श्रीफल और पुष्पमाला से सम्मान किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने भेंट स्वरूप उन्हें पेंशन के कागजात सौंपे, जो उन्होंने पहले ही तैयार करवा लिए थे। स्टाफ के अन्य लोगों ने भी उन्हें उपहार भेंट किए। विदाई के क्षणों में उनके कनिष्ठ शिक्षकों का मन भारी था, जबकि सत्यप्रकाश काफी खुश नजर आ रहे थे। क्षेत्र के एक बड़े व्यापारी ने अपनी कार से सत्यप्रकाश को घर तक छोड़ने की पेशकश की। सत्यप्रकाश इंकार नहीं कर सके। कार में स्टाफ के दूसरे लोग भी उन्हें छोड़ने घर तक गए।
अब सत्यप्रकाश प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारियों से पूरी तरह मुक्त हो चुके थे। थकान भरे दिन के बाद आज उन्हें जल्दी नींद आ गई। आदत के मुताबिक सुबह छह बजे वे उठ गए। बच्चे स्कूल जाने के लिए तैयार हो रहे थे। अभी बच्चों को उनसे बात करने का समय ही कहां था। बहू उनके टिफिन तैयार करने में जुटी थी। वह बीच-बीच में चिल्लाकर बच्चों को बता रही थी कि स्कूल बस आने में पांच मिनिट बचे हैं। फटाफट तैयार होकर बच्चे दौड़ कर बस स्टाप पहुंचे। तब तक कमलेश भी उठ गया था। उसे भी आफिस जाना था। दैनिक क्रियाओं से निवृत होकर वह भी आफिस जाने की तैयारी में जुट गया। बहू किचिन में व्यस्त थी। सत्यप्रकाश के नहाने का भी समय हो रहा था। उन्होंने बहू को आवाज दी कि, क्या उनके नहाने के लिए पानी गर्म हो गया। बहू ने किचिन में से ही जवाब दिया कि पापा जी अब आपको तो कहीं जाना नहीं है, बाद में नहा लेना। सत्यप्रकाश ने सोचा ठीक ही कह रही हैं। मुझे तो घर पर ही रहना है। लेकिन उन्हें पहली बार अहसास हुआ कि एक दिन में कितना बदलाव हुआ है। अब वे बेटे के आफिस जाने का इंतजार करने लगे। समय काटना उन्हें भारी महसूस होने लगा।
कमलेश जब आफिस के लिए निकल गया तब सत्यप्रकाश ने नहाया फिर खाना खाया दोपहर बाद बच्चे स्कूल से वापस लौटे। बच्चों ने आते ही नहाया और खाना खाया। उसके बाद थके हारे बच्चे सो गए। सत्यप्रकाश को बच्चों से बात करने का मौका ही नहीं मिल पाया। डेढ़-दो घंटे बाद बच्चे सोकर उठे। सत्यप्रकाश ने सोचा कि अब कुछ समय बच्चों के साथ गुजारते है। उन्होंने बच्चों को आवाज दी। बच्चे उनके पास आ पाते, इससे पहले ही बहू ने बच्चों से कहा पहले स्कूल का होमवर्क पूरा कर लो। बच्चे बस्ता खोल कर होमवर्क निपटाने में जुट गए। सत्यप्रकाश दूर बैठे किताबों में खोए बच्चों को देख रहे थे। आज दिन उन्हें काफी लंबा महसूस हो रहा था। कई बार तो उन्हें लगा जैसे घड़ी बंद हो गई हो। शाम होते ही सत्यप्रकाश टहलने के इरादे से बाहर निकल गए।
कुछ दूर अकेले जाकर वे वापस लौट आए। तब तक कमलेश आफिस से लौट कर आ चुका था। बच्चे रात का खाना खाकर सो गए। सुबह स्कूल के लिए उन्हें जल्दी जागना पड़ता है। सत्यप्रकाश ने रिटायरमेंट को लेकर जो सपने देखे थे, वे एक-एक करके बिखरते जा रहे थे। उन्हें अहसास होने लगा कि अब घर में उन्हें उतनी तरजीह नहीं दी जा रही जितनी पहले मिलती थी। उनके लिए न बच्चों के पास समय था, न पुत्र, बहू को। दो दिन बाद शाम को सत्यप्रकाश टहलने निकले थे। तभी रास्ते में एक युवक ने उनके पैर छुए। उस युवक ने पूछा सर आपने पहचाना क्या? सत्यप्रकाश ने दिमाग पर जोर डाला लेकिन वे उसे पहचान नहीं सके। युवक ने अपना नाम राजेश्वर बताते हुए कहा कि करीब दस साल पहले उन्होंने उसे पढ़ाया था। युवक ने पूछा कि वे आजकल किस विद्यालय में हैं। सत्यप्रकाश ने बताया कि कुछ दिन पहले ही वे सेवानिवृत्त हो चुके हैं। सत्यप्रकाश ने राजेश्वर से उसके कामकाज के बारे में पूछा। राजेश्वर ने बताया कि वह शहर की सबसे बड़े कोचिंग सेंटर का संचालक है। राजेश्वर ने कहा कि सर यदि आप बुरा न मानें तो एक बात कहूं। सत्यप्रकाश ने मुस्करा कर कहा बोलो। राजेश्वर बोला मेरे सेंटर में डिग्रीधारी कई टीचर है लेकिन अनुभवी शिक्षक की कमी हमेशा खलती है। यदि आप कुछ समय मेरे सेंटर को देने के लिए तैयार हो जाएं तो बड़ी कृपा होगी। राजेश्वर का प्रस्ताव सुनकर सत्यप्रकाश असमंजस में पड़ गए। राजेश्वर स्थिति को भाप कर बोला सर, आप सोच-विचार कर जवाब दे देना। उसने सत्यप्रकाश को अपना विजिटिंग कार्ड दिया और पैर छूकर आगे बढ़ गया।
अब सत्यप्रकाश के मन में उथल-पुथल हो रही थी। देर रात तक वे यही सोचते रहे कि उन्हें क्या करना चाहिए। काफी चिंतन के बाद वे निर्णय कर पाए। सुबह उठते ही सत्यप्रकाश ने राजेश्वर को फोन लगाया और हामी भर दी। यह सुनकर राजेश्वर तो खुशी से झूम उठा। दूसरे दिन ही कोचिंग के प्रचार के लिए नगर में सत्यप्रकाश की फोटो लगे होर्डिंग्स जहां-तहां दिख रहे थे।
विस्तार से पढ़ें..........